Class 9 · HindiNCERT 2026 Revised Syllabus
Chapter 2: क्या लिखूँ? (0901CH02)
विषयों से संवाद — 4 questions with step-by-step answers.
Jump to:
विषयों से संवाद(4 questions)
1
निबंध में बुद्धदेव, महावीर स्वामी, नागार्जुन, शंकराचार्य, कबीर, नानक आदि कई महान व्यक्तियों के नाम आए हैं। इनके विषय में जानकारी एकत्रित करके संक्षेप में बताइए कि इन्होंने अपने समय में समाज के लिए क्या-क्या कार्य किए।
उत्तर:
बुद्धदेव, महावीर, नागार्जुन, शंकराचार्य, कबीर, नानक आदि महान सुधारकों ने समाज के कल्याण और उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।गौतम बुद्ध – इन्होंने करुणा, दया और अहिंसा का संदेश दिया और समाज कल्याण और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त किया। अष्टांगिक मार्ग के आठ सिद्धांतों के पालन पर बल दिया। इसके माध्यम से नैतिक, संयमित और संतुलित जीवन जीने का मार्ग बताया।महावीर स्वामी – महावीर स्वामी ने हर जीव के प्रति दया और करुणा का संदेश दिया। पाँच महाव्रत (अहिंसा, सत्य, अस्तेय यानी चोरी न करना, अपरिग्रह यानी अधिक संग्रह न करना और ब्रह्मचर्य) का पालन करने का मार्ग दिखाया। आत्मशुद्धि और मोक्ष के लिए प्रेरित किया। अच्छे कर्म, सादगी, संयम और तपस्या के माध्यम से आत्मा की शुद्धि और मोक्ष प्राप्ति के मार्ग को बढ़ावा दिया।नागार्जुन – नागार्जुन बौद्ध दार्शनिक और समाज सुधारक थे। इन्होंने शून्यवाद के सिद्धांत के माध्यम से बताया कि संसार की सभी वस्तुएँ स्थायी नहीं हैं, बल्कि परिवर्तनशील हैं। इन्होंने जटिल दार्शनिक विचारों को आम लोगों के लिए समझने योग्य बनाया। धर्म और दर्शन को अंधविश्वास से मुक्त कर तर्कसंगत बनाने का प्रयास किया।शंकराचार्य – आदि शंकराचार्य ने समाज कल्याण के लिए अद्वैत वेदांत का प्रचार किया। उन्होंने आत्मा और परमात्मा की एकता का सिद्धांत दिया। पूरे भारत में भ्रमण कर धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत किया। चार प्रमुख मठों (शृंगेरी, द्वारका, पुरी, ज्योतिर्मठ) की स्थापना की। जटिल धार्मिक अनुष्ठानों को सरल बनाने का प्रयास किया। भारत के विभिन्न क्षेत्रों को आध्यात्मिक रूप से जोड़कर राष्ट्रीय एकता को प्रेरित किया। वैदिक धर्म का पुनरुद्धार किया और समाज में लोगों को ज्ञान की ओर प्रेरित किया।कबीर – धार्मिक पाखंड और जातिवाद का विरोध किया। सरल भाषा में ईश्वर भक्ति और प्रेम का संदेश दिया। निर्गुण भक्ति की उपासना पर बल दिया। समाज को समानता, मानवता और एकता का संदेश दिया।गुरु नानक देव – 'एक ओंकार' का सिद्धांत देकर ईश्वर की एकता का संदेश दिया। लंगर प्रथा शुरू की। सेवा भाव, परिश्रम और ईमानदारी का महत्त्व प्रतिपादित किया। सामाजिक अन्याय का विरोध किया और प्रेम, शांति व भाईचारे का संदेश फैलाया।
2
निबंध में उल्लिखित महान व्यक्तियों ने अपने द्वारा किए गए कार्यों से समाज को एक नई दिशा दिखाई। हमारे आस-पास और भी ऐसे व्यक्ति और संस्थाएँ हैं जो स्त्री-शिक्षा, पर्यावरण, असमानता, विशेष आवश्यकता समूह (दिव्यांगजन) आदि के लिए कार्य करते हैं। ऐसे व्यक्तियों, संस्थाओं के विषय में पता लगाइए और लिखिए।
उत्तर:
समाज में शिक्षा, स्त्री-सशक्तीकरण, पर्यावरण-संरक्षण, समानता और दिव्यांगजन के क्षेत्र में कई प्रेरणादायक व्यक्ति और संगठन सक्रिय हैं। ये लोग और संस्थाएँ जमीनी स्तर पर काम करते हुए शिक्षा का प्रसार, महिला व बाल विकास और सामाजिक सुधार को बढ़ावा देते हैं।नारायण सेवा संस्थान – उदयपुर राजस्थान में स्थित एक प्रमुख गैर सरकारी संगठन (NGO) है, जो दिव्यांगों और वंचितों के पुनर्वास के लिए काम करता है। यह संस्थान जरूरतमंद बच्चों के लिए निःशुल्क दिव्यांग सर्जरी, कृत्रिम अंग वितरण (कौशल विकास, पुनर्वास) और सामूहिक विवाह जैसे मानवीय कार्य करते हुए समाज-सुधार को महत्व देता है।SEWA (स्व-रोजगार, महिला संघ) – यह अहमदाबाद, गुजरात में स्थापित संस्था है। इसका उद्देश्य अनौपचारिक अर्थव्यवस्था में कार्य करने वाली महिला श्रमिकों के लिए पूर्ण रोजगार और आत्मनिर्भरता प्राप्त करना है। यह संस्था महिला श्रमिकों के लिए कार्य-सुरक्षा, आय-सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में प्रयास कर रही है। SEWA ने भारत के 18 राज्यों में महिला श्रमिकों को संगठित किया है।ऊर्जा और संसाधन संस्थान (TERI) – यह संस्थान ऊर्जा की बचत और पर्यावरण के अनुकूल तकनीकों पर ध्यान केंद्रित करता है।विज्ञान एवं पर्यावरण केंद्र (CSE) – यह संस्था प्रदूषण और पर्यावरणीय विकास पर शोध करती है और सामाजिक जागरूकता फैलाती है।नवदान्या – यह संस्था जैविक खेती और किसानों के अधिकारों के लिए कार्य करती है।
3
आपको 'समाज-सुधार' करने का अवसर मिले तो आप क्या-क्या सुधार करना चाहेंगे और कैसे करना चाहेंगे? लिखिए।
उत्तर:
यदि मुझे एक विद्यार्थी के रूप में समाज-सुधार का अवसर मिले तो मैं सरल और छोटे-छोटे कार्यों से शुरुआत करूँगी।शिक्षा का प्रसार – शिक्षा के महत्व को समझते हुए, मैं अपने आस-पास छोटे और जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाने में मदद करूँगी। अगर मेरे इलाके में कोई बच्चा स्कूल नहीं जा पा रहा या आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई में रुकावट आ रही है, तो मैं उसे पढ़ने के लिए प्रेरित करूँगी और उचित सहायता देने का प्रयास करूँगी।स्वच्छता और स्वास्थ्य – मैं स्वच्छता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान देना चाहूँगी। स्वास्थ्य के क्षेत्र में, लोगों को साफ-सफाई, स्वच्छ जल के उपयोग और संतुलित आहार के बारे में जागरूक करना महत्वपूर्ण कार्य है। नेशनल हेल्थ मिशन जैसी योजनाओं से जानकारी लेकर परिवार और समाज में साझा की जा सकती है। स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरणा लेकर लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करूँगी। मैं कचरे को गीले और सूखे रूप में अलग करने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए लोगों को समझा सकती हूँ।समाज सुधार हेतु मैं अपने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भाग लेकर आगे बढ़ सकती हूँ। पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण, निबंध लेखन, पर्यावरण क्लब, सामाजिक कल्याण कौशल क्लब की गतिविधियाँ समाज कल्याण का आधार बनती हैं। इसके अलावा, छात्रा के रूप में स्कूल की एन.एस.एस (नेशनल सर्विस स्कीम) या स्काउट-गाइड जैसे कार्यक्रमों में भाग लेकर एक बेहतर और जागरूक समाज बनाने में अपना योगदान देना चाहूँगी।
4
भारतीय ज्ञान साहित्य में अनेक स्थानों पर नैतिक, आध्यात्मिक और व्यावहारिक जीवन में संतुलन की बात की गई है। इस विषय पर अपने शिक्षक के साथ मिलकर चर्चा कीजिए।
उत्तर:
भारतीय ज्ञान साहित्य बहुत समृद्ध है, जिसमें नैतिक, आध्यात्मिक और व्यावहारिक जीवन से जुड़ी प्रेरणादायी बातें हैं। वेद, उपनिषद, भगवत गीता धार्मिक और दार्शनिक ग्रंथ हैं। रामायण और महाभारत जैसे महान महाकाव्य, पंचतंत्र, हितोपदेश, अर्थशास्त्र, पतंजलि योगशास्त्र आदि ज्ञान साहित्य जीवन को सही तरीके से जीने की कला सिखाते हैं। हम विद्यार्थी इस साहित्य को पढ़कर नैतिकता, आत्म-नियंत्रण और व्यावहारिक बुद्धि विकसित कर सकते हैं। भारतीय ज्ञान साहित्य को समझकर हम अपनी पढ़ाई और करियर में सफल हो सकते हैं। जहाँ मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार आएगा, वहीं हम समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी गहराई से समझ सकेंगे। भारतीय ज्ञान-साहित्य हमें स्वस्थ शरीर, शांत मन और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है, जिससे व्यक्तिगत और सामाजिक स्तरों पर जीवन संतुलित होता है।