Class 9 · HindiNCERT 2026 Revised Syllabus
Chapter 12: घर की याद (0901CH12)
विषयों से संवाद — 4 questions with step-by-step answers.
Jump to:
विषयों से संवाद(4 questions)
1
कविता में चित्रित "घर" एक भौतिक स्थान से बढ़कर भावनाओं और संबंधों के केंद्र के रूप में चित्रित हुआ है। वर्तमान में एकल परिवारों के बढ़ते चलन के संदर्भ में संयुक्त परिवार और एकल परिवार की तुलना कीजिए और कारण सहित लिखिए कि दोनों की कौन-कौन-सी बातें आपको पसंद हैं और कौन-कौन-सी नापसंद?
उत्तर:
इस कविता में संयुक्त परिवार का अत्यंत भाव-भरा चित्रण हुआ है। घर मानो बरगद का पेड़ है जिस पर सभी पंछी विहार कर रहे हैं। सबमें आपसी लगाव और स्नेह है।संयुक्त परिवार – सचमुच रस की खान है। इसमें रहने से मनुष्य कभी अकेला, उदास और निराश नहीं होता। एक के दुख में सभी सम्मिलित हो जाते हैं। दुख का दंश समाप्त हो जाता है और सुख उत्सव में बदल जाते हैं। ये विशेषताएँ अब गायब हो गई हैं।एकल परिवार – इसमें पति-पत्नी और अविवाहित बच्चे होते हैं; विवाह हुआ कि बच्चे अलग। ऐसे परिवारों में एक ओर स्वतंत्रता का सुख है, किंतु दूसरी ओर अकेलेपन की उदासी और भय है। एकल परिवारों के बच्चे उदास, निराश और भयभीत रहते हैं। वे आशंका और अकेलेपन से त्रस्त हैं। उनके चेहरों पर कभी उत्सव जैसा भाव नहीं आता।
2
कविता में बार-बार पानी गिरने का वर्णन है। लगातार बारिश होती रहे तो ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में किस प्रकार की समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं?
उत्तर:
वर्षा हमारे लिए जीवन है और लगातार वर्षा मौत। जब बारिश लगातार होती है तो शहर की सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। लोगों के वाहन उसके बीच फँस जाते हैं। न दूध वाला आ पाता है, न लोग ऑफिस जा पाते हैं। अत्यधिक बारिश शहरों को जाम कर देती है।अत्यधिक बारिश गाँवों में बाढ़ ला देती है। खेत, कच्चे मार्ग, सड़कें सब पानी से लबालब भर जाते हैं। कभी-कभी तो वहाँ से पलायन करना पड़ता है। लोगों को नावों से सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ता है। जब तक पानी सूख न जाए, गाँव वालों को विस्थापित होकर नरक जैसी स्थिति झेलनी पड़ती है। तभी कवि अशोक बत्रा ने लिखा है- “कौशल्या को शाम है बारिश राधा को घनश्याम है बारिश पर जो डूबे, रोकर बोले हाय-हाय कोहराम है बारिश!”
3
कविता में सावन के बादल का प्रयोग एक संचार माध्यम के रूप में किया गया है जिसके द्वारा कवि अपने परिवार तक संदेश भेज रहा है। कक्षा में संचार के नए-पुराने माध्यमों में अंतर बताते हुए चर्चा कीजिए और लिखिए।
उत्तर:
मनुष्य संचार और संवाद के माध्यम खोजता रहा है। पुराने समय में, जब तकनीकी साधन नहीं थे, वह कबूतर, घोड़े आदि तीव्रगामी पशु-पक्षियों का सहारा लेता था। फिर युग बदला तो रेडियो, तार, टेलीफोन, दूरदर्शन और अब मोबाइल-इंटरनेट आदि साधन आ गए हैं। ये सभी साधन अधिक-से-अधिक कुशल होते जा रहे हैं। अब तो संदेश भेजने में समय नहीं लगता। इधर ट्विटर पर लिखा, उधर पूरे संसार ने जान लिया।वर्तमान संचार साधन तकनीकी साधनों पर आधारित हैं। इनके प्रयोग में समय नहीं लगता। पहले कबूतरों, घोड़ों पर संदेश भेजने में घंटे और दिन नहीं, महीने लग जाते थे।
4
भवानीप्रसाद मिश्र ने यह कविता स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कारावास में लिखी थी। अपने शिक्षक और पुस्तकालय की सहायता से "भारत का स्वतंत्रता संग्राम" विषय पर लेख लिखिए।
उत्तर:
भारत का स्वतंत्रता संग्रामभारत का स्वतंत्रता संग्राम 1857 से शुरू हुआ। भारतवासी अंग्रेजों से मुक्ति चाहते थे, किंतु वे स्वयं संगठित नहीं थे। अतः वह आंदोलन असफल हुआ। उसके बाद भारतीय जनता ने स्वराज्य-प्राप्ति के लिए संघर्ष तेज़ किया। इसमें दो प्रकार के क्रांतिकारी थे। एक गरमदल के क्रांतिकारी जो बंदूक के बल पर अंग्रेज़ों को बाहर खदेड़ना चाहते थे। तिलक, सुभाष, भगतसिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, सावरकर उन क्रांतिकारियों में थे। उन्होंने आज़ादी के लिए गोलियाँ खाईं, कारावासों में जवानी बिताई और अन्यायी अंग्रेज़ों से लोहा लिया।नरमदल के नेताओं में गाँधी, नेहरू आदि नेता थे, जिन्होंने अहिंसक आंदोलन चलाए। ये मारना नहीं, मरना जानते थे। इन्होंने सत्याग्रह किया, जेल भरी, अंग्रेज़ी शासन का बहिष्कार किया। 1942 में “भारत छोड़ो आंदोलन” आज़ादी का महत्वपूर्ण आंदोलन था, जिसमें कवि भवानीप्रसाद मिश्र ने भी भाग लिया था।