Class 9 · HindiNCERT 2026 Revised Syllabus
Chapter 5: आखिरी चट्टान तक (0901CH05)
चर्चा-परिचर्चा — 3 questions with step-by-step answers.
Jump to:
चर्चा-परिचर्चा(3 questions)
1
'यात्राएँ हमें समृद्ध करती हैं' विषय पर कक्षा में एक परिचर्चा आयोजित कीजिए।
उत्तर:
अध्यापक – बच्चो! ऋषिकेश की यात्रा कैसी रही?
अमन – श्रीमान! इस यात्रा ने मेरा जीवन बदल दिया। पहाड़ों की ठंडक और गंगा की निर्मल धारा देखकर मन प्रसन्न हो गया।
स्मिता – और श्रीमान! नहाने का जितना सुख बहती गंगा में मिला, इतना सुख न शॉवर में मिला, न पूल में, न बाथरूम में और न बारिश में।
स्नेहा – श्रीमान! अब पता चला, लोग हजारों मील दूर से हरिद्वार और ऋषिकेश में क्या करने जाते हैं।
अमन – ऋषिकेश के ढाबे, होटल, बाज़ार, भोजन भी कितना स्वादिष्ट और सस्ता था।
स्मिता – हाँ, शुद्ध और स्वादिष्ट!
स्नेहा – मुझे तो झूलों में बहुत आनंद आया।
अमन – लक्ष्मण झूला, राम झूला।
स्मिता – गंगा में तैरने वाली मछलियों का क्या कहना। मैंने उन्हें खूब खिलाया।
अमन – और श्रीमान! वहाँ के बाज़ार कितने आकर्षक और सस्ते थे।
स्मिता – और ठहरने के लिए कितने होटल थे, धर्मशालाएँ थीं।
स्नेहा – और वहाँ पूरा भारत उमड़ा पड़ा था। किसी को भारत के दर्शन हों तो ऋषिकेश-हरिद्वार चला जाए।
अध्यापक – देखा, यात्राएँ हमें कितना समृद्ध करती हैं।
अमन और स्मिता – हम फिर कब चलेंगे श्रीमान!
2
"एक लहर मेरे पैरों को भिगो गई तो सहसा मुझे खतरे का एहसास हुआ।"यात्रा के दौरान कई बार ऐसी अप्रत्याशित चुनौतियाँ सामने आ जाती हैं। ऐसी किसी स्थिति का सामना करने के लिए व्यक्ति में किन गुणों का होना आवश्यक है? अपने सहपाठियों के साथ मिलकर इस विषय पर चर्चा कीजिए।
उत्तर:
यात्रा के दौरान अनेक बार ऐसी अप्रत्याशित चुनौतियाँ सामने आ जाती हैं जैसे- रास्ता भटकना, स्वास्थ्य बिगड़ना, सामान खो जाना, कोई दुर्घटना हो जाना इत्यादि। उस समय हमें समझ और धैर्य से काम लेना चाहिए क्योंकि घबराने से समस्या दुगनी हो जाती है। ऐसी परिस्थिति में शांत भाव से वक्त का जायज़ा लेना चाहिए और धैर्य के साथ परिस्थिति से बाहर निकलने हेतु उचित निर्णय लेना चाहिए। ऐसी परिस्थिति में निम्नलिखित गुणों का होना आवश्यक है:धैर्य – सबसे ज्यादा यही गुण हमें कठिन समय में स्थिर रखता है और उचित निर्णय की दिशा में अग्रसर करता है।समझदारी से निर्णय – परेशानी या मुसीबत में पड़ने पर हमें शांत भाव से पूरी परिस्थिति को जाँचना चाहिए और फिर समयानुसार उचित निर्णय लेकर कठिनाई से बाहर आने का प्रयास करना चाहिए।सतर्कता – यात्रा में यदि व्यक्ति सतर्क रहेगा तो निश्चय ही वह परेशानी में नहीं फँसेगा। इसलिए आसपास के वातावरण के प्रति सजगता रखें।
3
यदि आपके पास भी कोई ऐसा अनुभव हो तो उसे अपने सहपाठियों के साथ साझा कीजिए।
उत्तर:
मेरे जीवन में भी यात्रा का एक ऐसा अनुभव है जब हमें भी समस्या का सामना करना पड़ा। एक बार हम सपरिवार हिमाचल की यात्रा पर थे। हम कुल आठ लोग थे। सभी यात्रा में गीत गाते हुए आनंद ले रहे थे कि तभी ड्राईवर ने घबराकर सूचित किया कि गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए हैं। इतना सुनते ही हम सबके होश उड़ गए। एक तरफ पहाड़ तो दूसरी तरफ गहरी खाई में बहती व्यास नदी। ऐसा लगा कि अब बचना मुश्किल है। हमारी गाड़ी में दो छोटे बच्चे भी थे जिन्होंने रोना शुरू कर दिया। घबरा तो मैं भी गया परंतु पापा ने इशारे से शांत किया। मेरे पापा बहुत साहसी और समझदार थे। उन्होंने सबको धैर्य बँधाया।हमारी गाड़ी सरपट दौड़ी चली जा रही थी कि तभी सामने से एक और गाड़ी आई। सामने से आती सभी गाड़ियों को स्थिति का अंदाज़ा हो गया। उन्होंने दूर से ही खतरे को भाँपकर गाड़ियाँ पीछे ही रोक लीं। तभी पापा ने कहा कि खतरा बहुत है पर एक आखिरी कोशिश अवश्य करनी है। आगे जैसी ईश्वर की मर्जी। उन्होंने ड्राईवर से कहा — आगे मोड़ पर जहाँ चौड़ाई है, वहाँ गाड़ी को ज़ोर से पहाड़ में दे मारे। सब घबरा गए, परंतु और किसी के पास कोई रास्ता न था। तब ड्राईवर ने पापा की बात मानकर ऐसा ही किया, जिससे हमारी गाड़ी सड़क पर पलट गई और रुक गई।पापा और ड्राईवर ने गाड़ी के आगे का शीशा तोड़ा और सभी को गाड़ी से बाहर निकाला। तब तक पीछे रुकी गाड़ियों ने बचाव दल को सूचित कर दिया था। थोड़ी देर में बचाव दल पहुँचा। सबको थोड़ी-थोड़ी चोटें आईं थीं परंतु सबकी जान बच गई। सबने पापा के धैर्य और सूझबूझ की प्रशंसा की। मुझे अपने पापा पर बहुत गर्व अनुभव हो रहा था।